---Advertisement---

भारी बारिश से मार्ग बाधित, सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रोकी चारधाम यात्रा

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर भी असर डाल दिया है। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने जानकारी दी कि खराब मौसम और भूस्खलन की वजह से यात्रा मार्गों पर मलबा जमा हो रहा है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार ने 05 सितंबर 2025 तक चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया है।

पांडेय ने बताया कि प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार भूस्खलन और सड़क अवरोध की घटनाएं सामने आ रही हैं। सरकार और स्थानीय प्रशासन मार्गों को प्राथमिकता पर खोलने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता और रास्ते पूरी तरह सुरक्षित नहीं पाए जाते, तब तक यात्रा दोबारा शुरू नहीं की जाएगी।

उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा मार्गों पर प्रस्थान न करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क मार्गों की निगरानी, सफाई और यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। यात्रियों को धैर्य और संयम बनाए रखने की सलाह दी गई है।

इस बीच, प्रशासन ने यात्रियों को आश्वासन दिया है कि मौसम साफ होते ही और मार्ग सुरक्षित घोषित होने के बाद यात्राओं को पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके लिए यात्रा से जुड़े नियंत्रण कक्ष द्वारा नियमित अपडेट भी दिए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा हर साल लाखों श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती है। लेकिन इस बार बारिश ने यात्रियों के धैर्य की परीक्षा ले ली है। प्रशासन ने दोहराया है कि किसी भी तरह की जल्दबाज़ी न करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

Related Post