देहरादून। राज्य में नर्सिंग भर्ती को लेकर चल रही मांगों के बीच नर्सिंग एकता मंच के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री खजान दास से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। इस दौरान मंच के प्रतिनिधियों ने वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि लंबे समय से नर्सिंग अभ्यर्थी नियमित और वर्षवार भर्ती की मांग कर रहे हैं, ताकि योग्य उम्मीदवारों को समय पर रोजगार मिल सके और स्वास्थ्य सेवाओं में भी आवश्यक मानव संसाधन की कमी दूर हो सके। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमितता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार युवाओं के हितों के प्रति संवेदनशील है और इस विषय पर संबंधित विभागों से चर्चा कर जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से नवल पुंडीर , राजेंद्र कुकरेती , प्रवेश रावत , उपेंद्र , सपना राठौर और प्रीति सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी और नर्सिंग अभ्यर्थी मौजूद रहे। इस अवसर पर सभी ने सरकार से जल्द ठोस निर्णय लेने की उम्मीद जताई।
नर्सिंग एकता मंच के इस प्रयास को राज्य के हजारों नर्सिंग अभ्यर्थियों की आवाज के रूप में देखा जा रहा है, जो लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में नियमितता और पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।








