Dehradun। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री Satpal Maharaj ने विश्व में बढ़ते तनाव और विशेष रूप से पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की पृष्ठभूमि में उत्तराखंड के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और शांति यज्ञ आयोजित करने का आग्रह किया है। उन्होंने इस संबंध में Shri Badrinath Shri Kedarnath Temple Committee के अध्यक्ष Hemant Dwivedi को पत्र लिखकर आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।
मंत्री ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियां अत्यंत चिंताजनक हैं और युद्ध का असर केवल प्रभावित देशों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका प्रभाव पूरे विश्व पर पड़ता है। ऐसे समय में मानवता और शांति के पक्ष में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक संस्थाएं समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
सतपाल महाराज ने सुझाव दिया कि उत्तराखंड के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा, शांति पाठ और यज्ञ का आयोजन कर विश्वशांति के लिए प्रार्थना की जाए। उनका मानना है कि देवभूमि उत्तराखंड से दिया गया यह संदेश देश और दुनिया में शांति, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक परंपरा और यहां के धार्मिक स्थल सदियों से लोगों को आस्था और शांति का संदेश देते आए हैं। ऐसे में वर्तमान वैश्विक संकट के समय इन स्थलों से विश्व कल्याण के लिए प्रार्थना करना एक सकारात्मक और सार्थक पहल होगी।
मंदिर समिति से अपेक्षा जताई गई है कि वह राज्य के विभिन्न मंदिरों में समन्वय स्थापित कर इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन सुनिश्चित करे, ताकि समाज में शांति और सद्भाव का वातावरण सुदृढ़ हो सके।








