रामगढ़। डोडा तस्करों ने एक बार फिर रामगढ़ जिले को तस्करी का कॉरिडोर बनाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी मंशा पर पानी फिर गया। एसपी अजय कुमार के निर्देश पर रजरप्पा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग ₹25 लाख मूल्य का 480 किलोग्राम डोडा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
एसपी अजय कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि सोमवार रात उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन के जरिए डोडा की तस्करी की जा रही है, जो रामगढ़ से निकलकर बोकारो की ओर जा रही है। सूचना के आधार पर उन्होंने एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद और रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के बोरोबिंग चेकनाका पर नाका चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक नीले रंग की पिकअप वैन (संख्या JH10CW 7235) को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक वाहन को तेजी से भगाने लगा। पुलिस ने पीछा कर वैन को रोक लिया।
गिरफ्तार तस्कर और बरामदगी
पुलिस ने वैन से 480 किलोग्राम डोडा (18 बोरियों में बंद) बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरिडीह जिले के तीसरी गांव निवासी संदीप रजक और गांवा निवासी संतोष राम के रूप में हुई है।
एसपी ने बताया कि डोडा की तस्करी में वाहन मालिक, चालक, सहचालक समेत एक संगठित गिरोह शामिल है। यह डोडा पिठोरिया के जंगल क्षेत्र से लोड कर गिरिडीह ले जाया जा रहा था, जिसमें रामगढ़ होते हुए बोकारो मार्ग को चुना गया था ताकि मुख्य सड़कों से बचा जा सके। हालांकि, पुलिस ने तस्करों की योजना को विफल कर दिया।








