---Advertisement---

चारधाम यात्रा से पहले गैस सप्लाई पर सवाल, सरकार से जवाब मांग

देहरादून। उत्तराखंड में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर बढ़ती समस्याओं पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गैस की कमी और कालाबाजारी की शिकायतों को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों से गैस आपूर्ति में अनियमितता और कालाबाजारी की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि यदि वास्तव में गैस की कोई कमी नहीं है, तो इसकी स्पष्ट जानकारी जनता को दी जानी चाहिए।

उन्होंने चारधाम यात्रा के संदर्भ में भी चिंता जताई। गोदियाल ने कहा कि बड़ी संख्या में ऑनलाइन पंजीकरण निरस्त होने की खबरें सामने आ रही हैं, जो चिंताजनक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जिससे हजारों लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ है।

कुमाऊं मंडल में पर्यटन गतिविधियों पर पड़ रहे प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि होटल व्यवसाय और अन्य पर्यटन सेवाओं को समय पर गैस आपूर्ति नहीं मिलती है, तो इसका सीधा असर पर्यटन उद्योग पर पड़ेगा। इससे राज्य की आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित हो सकती हैं।

गणेश गोदियाल ने सरकार से मांग की कि गैस आपूर्ति को सुचारु किया जाए और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान आम जनता को यह भरोसा दिलाया जाना चाहिए कि देश में गैस और ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

Related Post