---Advertisement---

देहरादून में 6 दिन तक लगेंगे जनकल्याण शिविर, मौके पर मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

 देहरादून। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून जनपद में 15 जून से 20 जून 2026 तक विशेष प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों और क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत 17 जून को जिला पंचायत देहरादून, 18 जून को कालसी और डोईवाला, 19 जून को सहसपुर एवं विकासनगर तथा 20 जून को चकराता और रायपुर में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इन शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना समेत कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को भी सरल और तेज बनाया जाएगा।

शिविरों के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इन प्रदर्शनियों में नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी सरल और आकर्षक तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रमों के दौरान कई जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें ऑन-द-स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिता, वॉक्स-पॉप वीडियो रिकॉर्डिंग, योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा अनुभव साझा करना तथा विभिन्न योजनाओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ेगी और पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सकेगा। प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से इन शिविरों और प्रदर्शनियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है, ताकि वे योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपने अधिकारों और सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---