---Advertisement---

15 जून तक मौका! क्या आपका नाम मतदाता सूची में सही तरीके से जुड़ा है?

 रामगढ़। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान और मैपिंग के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर यह अभियान 15 जून 2026 तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।

निर्वाचन विभाग की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ और अन्य निर्वाचन कर्मियों की तैनाती की गई है। ये कर्मी उन मतदाताओं की जानकारी अपडेट कर रहे हैं, जिनका विवरण अभी तक निर्वाचन प्रणाली में पूरी तरह दर्ज या सत्यापित नहीं हो पाया है। साथ ही मतदाताओं को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता भी प्रदान की जा रही है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ऋतुराज ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। प्रत्येक पात्र मतदाता का निर्वाचन तंत्र से सही ढंग से जुड़ना पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। इसी उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान चलाकर अनमैप्ड मतदाताओं को चिन्हित किया जा रहा है।

अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता वाहन जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर रहा है। वाहन के माध्यम से मतदाताओं को मैपिंग प्रक्रिया, उसकी आवश्यकता और महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है तथा उन्हें अपने नजदीकी मतदान केंद्र पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। साथ ही अभियान की नियमित निगरानी और समीक्षा भी की जा रही है।

उपायुक्त ऋतुराज ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर मैपिंग कार्य अवश्य कराएं और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि एक सशक्त, समावेशी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---