देहरादून। सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए जिला प्रशासन देहरादून ने डिजिटल क्रांति की शुरुआत कर दी है। सविन बंसल, जिलाधिकारी देहरादून की विशेष पहल और निर्देशन में “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” के तहत जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट शिक्षण व्यवस्था लागू की जा रही है।
इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत जिले के 168 सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में कुल 884 स्मार्ट टीवी स्थापित किए जा रहे हैं। इस परियोजना पर लगभग 3.67 करोड़ रुपये की लागत आई है। प्रशासन के अनुसार सभी विद्यालयों में स्मार्ट टीवी की आपूर्ति पूरी हो चुकी है और इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक, तकनीक-आधारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। स्मार्ट टीवी के माध्यम से कक्षाओं में ऑडियो-वीडियो कंटेंट, ई-लर्निंग मॉड्यूल और डिजिटल पाठ्य सामग्री का उपयोग किया जाएगा। इससे पढ़ाई को अधिक रोचक, प्रभावी और इंटरैक्टिव बनाया जा सकेगा, जिससे छात्रों की समझ और सीखने की क्षमता में भी सुधार होगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि डिजिटल संसाधनों के उपयोग से न केवल छात्रों की पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी, बल्कि शिक्षकों को भी पढ़ाने के नए और प्रभावी तरीके मिलेंगे। “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ते हुए भविष्य के लिए सक्षम और ज्ञानवान पीढ़ी तैयार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इस पहल से सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता में सुधार होगा और अधिक से अधिक छात्र इन विद्यालयों की ओर आकर्षित होंगे।








