---Advertisement---

हिंदी दिवस पर निबंध प्रतियोगिता में प्रिया कुमारी सम्मानित

गोला (रामगढ़): हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सोसो कलां पंचायत के सोसो कलां गांव निवासी संतोष साव की पुत्री **प्रिया कुमारी** को सम्मानित किया गया। रांची स्थित **श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान** में आयोजित इस कार्यक्रम में **कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड** द्वारा प्रिया कुमारी को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।

प्रिया की इस उपलब्धि पर उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मानित होने के बाद मीडिया से बातचीत में प्रिया कुमारी ने कहा कि राज्य स्तर पर हिंदी के प्रचार-प्रसार को और बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने चिंता जताई कि आज भी जब लोग गांवों से शहरों की ओर बढ़ते हैं तो अपनी मातृभाषा और हिंदी को पीछे छोड़ अंग्रेजी की ओर झुकने लगते हैं। औपनिवेशिक मानसिकता अब भी समाज में गहराई से बैठी हुई है, जिसके कारण शहरी परिवेश में हिंदी का प्रयोग कम हो रहा है।

उन्होंने सुझाव दिया कि हिंदी को बढ़ावा देने के लिए केवल सरकारी या संस्थागत स्तर पर ही कार्यक्रम आयोजित न हों, बल्कि व्यक्तिगत स्तर पर भी इसके प्रोत्साहन की आवश्यकता है। प्रिया का मानना है कि हिंदी हमारी पहचान और संस्कृति से जुड़ी है, इसलिए युवाओं को इसे अपनाने और आगे बढ़ाने में गर्व महसूस करना चाहिए।

हिंदी दिवस पर मिली यह उपलब्धि न केवल प्रिया कुमारी के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

 

Related Post