---Advertisement---

दिव्य-भव्य कुंभ की तैयारी तेज, जानें किन योजनाओं पर खर्च होंगे करोड़ों रुपये

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने इस भव्य आयोजन के लिए कुल 1200 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है, जिससे अवस्थापना सुविधाओं के विकास में तेजी लाई जाएगी।

सरकार की ओर से कुंभ मेला-2027 को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों की 28 महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं के लिए 282.29 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं के तहत सड़क, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिला योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए भी बड़ा बजट आवंटित किया है। राज्य के सभी जनपदों के लिए कुल 1018.21 करोड़ रुपये की धनराशि जनपदवार वितरित करने की मंजूरी दी गई है। इस राशि का उपयोग स्थानीय विकास कार्यों को गति देने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य कुंभ मेले को विश्वस्तरीय आयोजन बनाना है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

सरकार के इस फैसले को उत्तराखंड के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Post