---Advertisement---

2027 चुनाव की तैयारी: कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने किया बड़ा ऐलान

उत्तरकाशी। कांग्रेस संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत शनिवार को उत्तरकाशी में पार्टी पर्यवेक्षकों ने नई कार्यकारिणी गठन को लेकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की। लोनिवि विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम के पर्यवेक्षक एवं सांसद **कुलदीप इंदौर** ने कहा कि कांग्रेस ने पहली बार ऐसा अभियान चलाया है, जिसमें जिला और ब्लॉक अध्यक्षों का चुनाव थोपने के बजाय कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूरे देश में यह संगठन सृजन अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य पार्टी को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। इंदौर ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सहभागिता से पार्टी को नई दिशा मिलेगी और एक मजबूत संगठन खड़ा किया जा सकेगा।

कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पर्यवेक्षकों ने स्पष्ट किया कि रायशुमारी पूरी होने के बाद जिलाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के नाम पार्टी हाईकमान को भेजे जाएंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस को सशक्त बनाने की अपील भी की।

सांसद कुलदीप इंदौर ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उत्तराखंड की जनता आज इन समस्याओं से बुरी तरह त्रस्त है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी।

उन्होंने बताया कि इससे पहले चिन्यालीसौड़ में भी कांग्रेस संगठन सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यकर्ताओं की राय ली गई थी। इंदौर ने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।

इस मौके पर पर्यवेक्षक पूर्व विधायक ओम गोपाल, सुंदर लाल मुयाल, प्रदीप डोभाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष राणा, घनानंद नौटियाल, पार्वती गौड़, शांति ठाकुर, कमल सिंह, कनकपाल परमार, विजय सेमवाल, प्रदीप रावत सुमन, पपेंद्र सिंह नेगी, सूरज रावत समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post