देहरादून। आगामी होली और ईद पर्व के साथ ही चल रहे रमजान माह को देखते हुए जनपद देहरादून में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
इन निर्देशों के अनुपालन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सर्वधर्म के संभ्रांत नागरिकों, सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और पीस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों का उद्देश्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से सुझाव प्राप्त किए और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्वों के अवसर पर किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए, ताकि अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस प्रशासन ने यह भी बताया कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही शांति व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जा सकता है।
देहरादून पुलिस का यह कदम आगामी पर्वों को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








