---Advertisement---

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का PM का दौरा, मिल सकता है बड़ा राहत पैकेज

देहरादून। उत्तराखंड में हाल ही में आई आपदा से हुए भारी नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 11 सितंबर को राज्य का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री शाम 4 बजकर 15 मिनट पर उत्तराखंड पहुंचेंगे और प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे।

हवाई सर्वेक्षण के बाद प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में आपदा से हुए नुकसान, राहत-बचाव कार्यों और पुनर्वास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री दिल्ली लौटने के बाद उत्तराखंड के लिए भारी-भरकम आर्थिक पैकेज की घोषणा कर सकते हैं, जिससे आपदा से प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण और राहत कार्यों को गति मिल सके।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी पहले अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे और वहां के कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद सीधा उत्तराखंड पहुंचेंगे। केंद्र सरकार पहले ही आपदा प्रभावित इलाकों का आकलन करने के लिए एक केंद्रीय टीम को भेज चुकी है। टीम ने हाल के दिनों में विभिन्न जिलों का दौरा कर नुकसान का विस्तृत ब्यौरा तैयार किया है।

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। एयरपोर्ट से लेकर हवाई सर्वेक्षण के संभावित रूट तक सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। साथ ही, प्रभावित जिलों में स्थानीय प्रशासन को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि उत्तराखंड हर साल प्राकृतिक आपदाओं की मार झेलता है और इस बार भी भारी बारिश व भूस्खलन से कई क्षेत्रों में व्यापक नुकसान हुआ है। ऐसे में प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य के लिए बड़ी राहत लेकर आ सकता है।

Related Post