---Advertisement---

समस्तीपुर में पीएम मोदी का तीखा वार: “जमानत पर घूम रहे हैं लालू परिवार के लोग!”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को समस्तीपुर में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए लालू यादव के परिवार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग आज जनता के बीच वोट मांग रहे हैं, वे खुद जमानत पर बाहर हैं और हजारों करोड़ के घोटालों में फंसे हुए हैं

प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से कहा, “ये लोग जमानत पर घूम रहे हैं, इन पर चोरी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। बिहार की जनता अब ऐसे परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति को हमेशा के लिए नकारने जा रही है।”

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार गरीबों की सेवा के लिए समर्पित है, और आज देश के करोड़ों परिवारों को पक्का मकान, मुफ्त राशन, शौचालय, स्वच्छ पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएँ मिल रही हैं। उन्होंने जनता से कहा कि “हमारी सरकार गरीबों और पिछड़ों की आवाज है, और हम कर्पूरी ठाकुर जी के बताए रास्ते पर चल रहे हैं।”

नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार में फिर से सुशासन की सरकार बनने जा रही है। “नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार ने जो विकास की रफ्तार पकड़ी है, उसे हम और तेज करेंगे। बिहार के हर परिवार तक विकास की किरण पहुँचाना हमारा लक्ष्य है।”

पीएम मोदी ने मंच से मिथिला और समस्तीपुर के उत्साह की सराहना करते हुए कहा, “आप सभी जीएसटी बचत महोत्सव का आनंद ले रहे हैं, और अब छठ मईया का पावन पर्व शुरू होने वाला है। इतने व्यस्त दिनों में भी आप इतनी बड़ी संख्या में पहुंचे हैं — यह इस बात का संकेत है कि बिहार अब पूरी मजबूती से एनडीए के साथ है।”

कर्पूरी ठाकुर को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “हम जैसे पिछड़े और गरीब घरों से आने वाले लोगों को राजनीति में पहचान दिलाने का श्रेय कर्पूरी ठाकुर जी को जाता है। उन्हें भारत रत्न देने का अवसर मिलना, हमारे लिए गर्व का विषय है। भाजपा हमेशा से सामाजिक न्याय और समान अवसर की पक्षधर रही है।”

प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने अपने संबोधन के अंत में कहा, “बिहार अब भ्रष्टाचार की राजनीति नहीं, बल्कि विकास और सुशासन की राजनीति चुनेगा।”

Related Post