डॉ रवि शरण दीक्षित
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्रि के शुभ अवसर पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देने और नई पीढ़ी के जीएसटी सुधारों के लागू होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सुधार भारत की प्रगति को गति देंगे और कारोबार की सरलता (Ease of Doing Business) को और बेहतर बनाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2017 से लागू जीएसटी प्रणाली ने कर ढांचे को सरल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया था। अब नए सुधारों से राज्यों की विकास गति और तेज होगी तथा भारत अपने विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत के लिए जरूरी है कि बाजार में व्यापार करना और उपभोक्ताओं के लिए सामान खरीदना-बेचना आसान हो। उन्होंने विशेष रूप से लघु, मध्यम और कुटीर उद्योगों की भूमिका को रेखांकित किया और कहा कि ये उद्योग राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि वे स्वदेशी वस्तुओं को खरीदें और बेचें, ताकि आत्मनिर्भरता की भावना और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि जब देश का आमजन स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देगा, तभी स्थानीय उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
प्रधानमंत्री ने सभी राज्य सरकारों से भी आग्रह किया कि वे स्वदेशी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को प्रोत्साहित करें और निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करें। इससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और भारत उच्च विकास मानकों को प्राप्त कर सकेगा।








