---Advertisement---

PM मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे आसियान शिखर सम्मेलन से, मलेशियाई PM संग की अहम बातचीत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बार मलेशिया में आयोजित दक्षिण-पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) शिखर सम्मेलन में आभासी माध्यम (वर्चुअल मोड) से शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने इस संबंध में जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “मेरे प्रिय मित्र और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ गर्मजोशी भरी बातचीत हुई। मैंने उन्हें मलेशिया की आसियान अध्यक्षता के लिए बधाई दी और आगामी शिखर सम्मेलनों की सफलता की शुभकामनाएं दीं। मैं आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वर्चुअल रूप से शामिल होने और भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने के लिए उत्सुक हूं।”

गौरतलब है कि आसियान शिखर सम्मेलन का आयोजन 26 से 28 अक्टूबर तक कुआलालंपुर में किया जा रहा है। भारत और आसियान देशों के बीच यह सम्मेलन आर्थिक, तकनीकी, निवेश और सुरक्षा सहयोग के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जानकारी साझा की कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें फोन किया और दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।

अनवर इब्राहिम ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें अवगत कराया कि इस समय भारत में त्योहारों का मौसम होने के कारण वे मलेशिया की यात्रा नहीं कर पाएंगे, इसलिए वे इस बार सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग लेंगे

सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर इस सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व मलेशिया में प्रत्यक्ष रूप से करेंगे।

आसियान सम्मेलन भारत के लिए एशियाई क्षेत्र में आर्थिक और सामरिक सहयोग को और मजबूत करने का एक प्रमुख मंच माना जाता है। भारत 1992 से आसियान का संवाद साझेदार है और बीते वर्षों में इस साझेदारी को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिला है।

Related Post