---Advertisement---

नवरात्र में बढ़ा तीर्थयात्रियों का रेला, अब तक 29 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुँचे बदरी-केदार

गोपेश्वर। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट **विजय प्रसाद थपलियाल** ने बुधवार को बदरीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्री बदरीनाथ धाम में दर्शन पंक्ति, पूजा काउंटर, प्रसाद काउंटर, भंडार कक्ष और कार्यालय का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित नवरात्रि पूजा पांडाल में मां दुर्गा, माता लक्ष्मी और देवी उर्वशी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

थपलियाल ने बताया कि वर्तमान में **बदरी-केदार यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है**। हाल ही में आपदा के कारण कुछ समय के लिए सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया था, जिससे यात्रा प्रभावित हुई थी। हालांकि, अब सड़क मार्ग बहाल हो गया है और यात्रा ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। उन्होंने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ दोनों धामों में उमड़ रही है। अब तक **29,36,955 श्रद्धालु** श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में दर्शन कर चुके हैं।

इस अवसर पर मुख्य कार्याधिकारी ने मंदिर परिसर के समीप **बीकेटीसी के नवनिर्मित कार्यालय कक्ष** का उद्घाटन भी किया। पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ के बाद कार्यालय का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस दौरान धर्माधिकारी **राधाकृष्ण थपलियाल**, वेदपाठी **रविंद्र भट्ट**, आशीष उनियाल समेत अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।

उद्घाटन कार्यक्रम और निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत ईओ **सुनील पुरोहित**, थाना प्रभारी **नवनीत भंडारी**, प्रशासनिक अधिकारी **कुलदीप भट्ट**, प्रभारी मंदिर अधिकारी **राजेंद्र सेमवाल**, मीडिया प्रभारी **डॉ. हरीश गौड़**, भंडार प्रभारी **संजय तिवारी**, संजय भंडारी, विकास सनवाल, हरीश जोशी और सत्येंद्र झिंक्वाण सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

Related Post