---Advertisement---

कार्रवाई न होने से फूटा गुस्सा: पीड़ित परिवार के समर्थन में सड़कों पर उतरे लोग

रुद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके परिवार के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने से आक्रोश बढ़ गया है। कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पूर्व विधायक Rajkumar Thukral के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

इस दौरान राजकुमार ठुकराल ने पुलिस पर सत्ता पक्ष के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

घटना 4 मार्च 2026 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 23, रम्पुरा निवासी अंकित, रिंकू और लालता ने अपने 4-5 साथियों के साथ मिलकर पड़ोसी राजीव कोली की नाबालिग बेटी से कथित तौर पर छेड़छाड़ की। पीड़ित छात्रा कक्षा 11 में पढ़ती है और सनातन कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा है।

परिवार के अनुसार छात्रा किसी तरह खुद को बचाकर घर के भीतर भागी, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और उसके साथ अभद्रता करते हुए कपड़े फाड़ दिए। जब छात्रा की मां रेखा, दादी आशा देवी और छोटी बहन ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी डंडों, बेल्ट और लात-घूसों से मारपीट की, जिससे वे घायल हो गईं।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद 112 नंबर पर सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में पुलिस ने केवल छात्रा और उसकी मां का मेडिकल कराया, जबकि अन्य घायलों का मेडिकल नहीं कराया गया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और सभी ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

Related Post