देहरादून। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखण्ड राज्य जनजातीय महोत्सव 2026 में प्रतिभाग किया। राज्य जनजातीय शोध संस्थान द्वारा आयोजित इस महोत्सव में देश के 12 राज्यों से आए जनजातीय प्रतिनिधियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी समृद्ध विरासत का प्रदर्शन किया।
मंत्री गणेश जोशी ने महोत्सव में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए जनजातीय हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और कला को सराहा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।








