---Advertisement---

पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में 63% मतदान, शांतिपूर्ण रही प्रक्रिया

देहरादून। उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सोमवार को शाम पांच बजे तक लगभग 63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, दूरस्थ क्षेत्रों से मतदान आंकड़े प्राप्त होने के बाद यह प्रतिशत बढ़ सकता है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने जानकारी दी कि दूसरा चरण शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस चरण में राज्य के 10 जिलों के 40 विकासखंडों में ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ।

चुनाव के लिए बनाए गए 4431 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों ने सफलतापूर्वक मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराई। कुल 10,45,643 महिलाएं, 11,11,490 पुरुष और 66 अन्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल थे। इनमें से लगभग 63% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि इस बार युवाओं और महिलाओं में मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। उल्लेखनीय है कि पंचायत चुनाव के पहले चरण में 68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

Related Post