देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी द्वारा किया गया, जिसमें जिलेभर में सघन चेकिंग और छापेमारी की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट्स में औचक निरीक्षण किया। खासतौर पर मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ सख्ती बरती गई। रायपुर क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट संचालक को बिना लाइसेंस शराब परोसते पकड़ा गया। इस मामले में संबंधित संचालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। मौके पर शराब पी रहे 15 लोगों को भी हिरासत में लेकर उनके खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई।
रात्रि चेकिंग के दौरान थाना नेहरू कॉलोनी, पटेलनगर और ऋषिकेश क्षेत्रों से कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 6 किलो से अधिक गांजा और 112 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके अलावा नेहरू कॉलोनी और डोईवाला क्षेत्र से 2 लोगों को 4 पेटी अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन—होंडा अमेज और स्कूटी—को भी पुलिस ने सीज कर दिया।
पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 4 वांछित और वारंटी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। वहीं प्रेमनगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचा रहे 4 लोगों को गिरफ्तार कर शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई।
रात के दौरान कुल 937 लोगों की चेकिंग की गई, जिनमें से 67 संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। साथ ही 62 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत 81 चालान कर 19,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 5 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। इसके अलावा 63 वाहन चालकों के चालान कर 43,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 34 वाहनों को सीज किया गया।








