सुबह सूचना।
देहरादून। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित संजय ऑर्थोपीडिक, स्पाइन एवं मैटरनिटी सेंटर में स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा एवं जन-जागरूकता को केंद्र में रखते हुए एक भव्य एवं विचारोत्तेजक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल, स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखंड द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में नरेश बंसल (सांसद), पद्मश्री कन्हैया लाल पोखरियाल (प्रख्यात साहित्यकार), डॉ. एस. एन. सिंह (ऑर्थोपीडिक सर्जन), पद्मश्री डॉ. बी. के. एस. संजय (अध्यक्ष, एम्स गुवाहाटी एवं वरिष्ठ ऑर्थोपीडिक सर्जन) तथा डॉ. गौरव संजय (ऑर्थोपीडिक सर्जन) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पद्मश्री डॉ. बी. के. एस. संजय ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें 1.5 लाख से अधिक लोगों की असामयिक मृत्यु हो जाती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है। साथ ही इसे शैक्षणिक पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाए तथा एम्स संस्थानों को “रोड सेफ्टी नॉलेज सेंटर” के रूप में विकसित किया जाए।
मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने उत्तराखंड सरकार की दो महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा करते हुए बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों को पहाड़ी क्षेत्रों में छह माह के रोटेशन पर सेवाएं देनी होंगी। साथ ही उनके परिवारों के लिए देहरादून एवं हल्द्वानी में आवासीय सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ हो सकें।
नरेश बंसल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण नियमों की अनदेखी है और इस पर सख्ती से अमल जरूरी है। उन्होंने कहा, “केवल स्वस्थ और जागरूक पीढ़ी ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकती है।”
वहीं पद्मश्री कन्हैया लाल पोखरियाल ने नागरिकों से स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
डॉ. एस. एन. सिंह ने स्वास्थ्य के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक संतुलन पर बल देते हुए युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की।
डॉ. गौरव संजय ने ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए बताया कि मानव, पशु एवं पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्वच्छ वायु, सुरक्षित जल, पौष्टिक आहार एवं संतुलित जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष पद्मश्री कल्याण सिंहरावत ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं समन्वय योगेश अग्रवाल द्वारा किया गया।








