कुजू। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर कुजू कोलियरी स्थित श्री श्री हनुमान मंदिर, न्यू कॉलोनी में भक्ति और श्रद्धा के साथ भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम की शुरुआत 24 घंटे के अखंड हरि कीर्तन से हुई, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कीर्तन के दौरान पूरे वातावरण में भक्ति रस की गूंज सुनाई देती रही। संध्या समय श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
अगले दिन शुक्रवार को पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूजा-अर्चना और आरती के बाद भगवान को पुड़ी, सब्जी और बुंदिया का भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस धार्मिक अनुष्ठान में अर्जुन सिंह अपनी पत्नी के साथ यजमान के रूप में शामिल हुए। आचार्य सत्येंद्र मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में श्याम कुमार सिंह, पिंटू मेहता, सुबोध राम, अजित सिंह, अशोक कुमार, हेमंत सिंह, तेजनाथ महतो, अवधेश कुमार, अशोक तिवारी, सरोजानंद झा, रंजीत राम, राम सिंह, हरे राम कुमार, आदित्य सिंह, संजय कुमार सिंह, जनार्दन यादव, मोहन महतो, फुलेश्वर साव, अनिल साव, राजेश महतो, मनीष सिंह, डीके श्रीवास्तव, मोनू कुमार, विजय कुमार पांडे, आलोक पांडे, राजेश रजवार, संतोष सिंह, विशेश्वर राम, विशु झा और धर्मगुरु वीरू करमाली सहित कई श्रद्धालु सक्रिय रूप से जुड़े रहे।
इसके अलावा मुखिया ललिता देवी, पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी और उपमुखिया नीलम कुमारी ने भी आयोजन में अपनी सहभागिता दी। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भाग लेकर इसे सफल बनाया।








