---Advertisement---

उत्तराखंड में अब स्कूलों में 240 दिन चलेंगी कक्षाएं

देहरादून।राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 के प्रावधानों के तहत तैयार राज्य पाठ्यचर्या को राज्य स्तरीय टास्क फोर्स ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद अब उत्तराखंड के स्कूलों में हर साल 240 दिन कक्षाएं अनिवार्य रूप से चलेंगी।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई बैठक में पाठ्यचर्या की रूपरेखा पर चर्चा के बाद इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

नई व्यवस्था के मुख्य बिंदु

  • 240 दिन कक्षाएं अनिवार्य
  • 20 दिन परीक्षा व मूल्यांकन कार्य के लिए
  • 10 दिन सहशैक्षणिक गतिविधियों के लिए
  • 10 दिन बस्ता रहित दिवस
  • प्रति सप्ताह 32 घंटे का शैक्षणिक समय

शिक्षा मंत्री ने बताया कि एनईपी-2020 की कुल 297 सिफारिशों में से 202 राज्यों द्वारा लागू की जानी हैं। उत्तराखंड में तैयार की गई इस पाठ्यचर्या को पांच मुख्य भागों में बांटा गया है। इसमें विद्यालयी शिक्षा के उद्देश्य, क्रॉस-विषय शिक्षा, पर्यावरणीय संवेदनशीलता, मूल्य आधारित शिक्षा, शिक्षण मानक, मूल्यांकन पद्धति, विद्यालयी संस्कृति, सामाजिक मूल्य तथा शिक्षा की पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े पहलू शामिल हैं।

बैठक में शामिल अधिकारी

बैठक में सचिव शिक्षा रविनाथ रमन, सचिव संस्कृति युगल किशोर पंत, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, अपर निदेशक पदमेन्द्र सकलानी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व टास्क फोर्स सदस्य उपस्थित रहे।

डॉ. रावत ने कहा कि नई पाठ्यचर्या विद्यार्थियों में ज्ञान, कौशल, मूल्य और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में मील का पत्थर साबित होगी।

Related Post