देहरादून। उत्तराखंड में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देशभर से आए खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि राज्य को पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देते हैं और राज्य को एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में नई पहचान दिलाते हैं।
इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 19 टीमों के 440 से अधिक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। ये खिलाड़ी कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी रोमांचक स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से न केवल फिटनेस बढ़ती है, बल्कि अनुशासन, टीम वर्क और कठिन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता भी विकसित होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि वाटर स्पोर्ट्स आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत और नदी बचाव जैसे कार्यों में भी बेहद उपयोगी होते हैं और कई बार जीवन रक्षक साबित होते हैं।








