देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक सविता कपूर ने प्रेमनगर क्षेत्र का निरीक्षण कर विभिन्न प्रस्तावित योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय समस्याओं को समझते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रेमनगर क्षेत्र में कई आंतरिक मार्गों का निर्माण कराया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के दौरान उन्हें कई ऐसी गलियां मिलीं, जहां अभी भी सड़क निर्माण की आवश्यकता है। इन क्षेत्रों को प्राथमिकता में रखते हुए योजनाएं तैयार की जा रही हैं।
सविता कपूर ने कहा कि कुछ सड़कों का निर्माण पहले हो चुका है, जबकि कई स्थानों पर कार्य प्रगति पर है और कुछ नए कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष विकास कार्यों को शीघ्रता से शुरू कर निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
विधायक ने यह भी कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में प्रेमनगर क्षेत्र में और भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस मौके पर पूर्व सभासद विक्की खन्ना, राजेश भाटिया, सुमित पांडे और ईशा सूद सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को विधायक के सामने रखा।








