---Advertisement---

मिशन राहुल: सैलजा ने परखा तैयारियों का रुख

 वरिष्ठ नेता के आगामी उत्तराखंड आगमन को ऐतिहासिक बनाने की कवायद

 विधानसभा परिसर और मुख्य तिराहे पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया

कर्णप्रयाग (गैरसैंण)। उत्तराखंड में कांग्रेस के आगामी सियासी घटनाक्रमों को धार देने के लिए पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने जमीनी मोर्चा संभाल लिया है। पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी के आगामी चार जून के उत्तराखंड आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन पूरी ताकत झोंक रहा है। इसी सिलसिले में व्यवस्थाओं और तैयारियों की हकीकत जानने के लिए कुमारी सैलजा खुद कमान संभालते हुए गैरसैंण पहुंचीं।

इससे पहले उन्होंने पौड़ी में प्रस्तावित जनसभा स्थल का बारिकी से मुआयना किया, ताकि आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रह जाए। इसके बाद वह गैरसैंण में अल्प प्रवास पर रहीं। भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बेहद गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में जुटी भीड़ ने आगामी कार्यक्रम को लेकर अपना उत्साह दिखाया। इस रणनीतिक दौरे पर उनके साथ उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई दिग्गज कांग्रेसी नेता लगातार मौजूद रहे, जो कुमाऊं और गढ़वाल दोनों क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुटे हैं।

सैलजा ने प्रदेश अध्यक्ष के साथ विधानसभा परिसर का व्यापक दौरा कर स्थिति को समझा। इसके पश्चात अल्मोड़ा के लिए प्रस्थान करते हुए जब उनका काफिला गैरसैंण के मुख्य तिराहे पर पहुंचा, तो वहां भी कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके स्वागत के लिए तैयार खड़ा था। प्रभारी ने यहां क्रांतिवीर चंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। सैलजा का यह दौरा साफ संकेत देता है कि कांग्रेस इस बार राहुल गांधी के दौरे के जरिए न सिर्फ अपने सांगठनिक ढांचे को रिचार्ज करना चाहती है, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों के स्थानीय मुद्दों को हवा देकर राज्य में सत्तापक्ष के खिलाफ एक मजबूत माहौल बनाने की फिराक में भी है। कार्यकर्ताओं का यह जोश पार्टी के इसी इरादे की तस्दीक करता है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---