पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को थलीसैंण विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर किसानों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया तथा विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
मंत्री डॉ. रावत ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार में आयोजित कृषक संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने जैविक खेती, कृषि तकनीक, नवाचार और वानिकी के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों पर किसानों से संवाद किया। विश्वविद्यालय की ओर से प्रशिक्षण, शोध और योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषकों ने भाग लिया और अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं।
छात्रों के साथ संवाद और प्रदर्शनी में सहभागिता
इसके उपरांत मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज कपरौली, थलीसैंण में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित छात्र प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया। छात्रों ने तिरंगे के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और अमर शहीदों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, थलीसैंण में भी देशभक्ति पर आधारित चित्र, मॉडल प्रदर्शनी और पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ. रावत ने निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज कपरौली भवन का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
जनसंवाद और त्वरित समाधान के निर्देश
इसके पश्चात मंत्री ने विकासखंड पाबौ और थलीसैंण में आम नागरिकों, छात्रों और जनप्रतिनिधियों से भेंट की। स्थानीय लोगों ने जनहित से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं, जिनके समाधान हेतु मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर आनंद नेगी, राकेश ममगाईं, सुरेंद्र सिंह नेगी, विजय रौथाण, मनोज रमोला, पुष्पेंद्र भंडारी, दिलीप सिंह नेगी, रजनी रावत, वर्षा रावत सहित कई अन्य स्थानीय प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।








