---Advertisement---

पूर्व सैनिक की बेटी की पढ़ाई में मदद, मंत्री गणेश जोशी ने बढ़ाया सहयोग का हाथ

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए दिवंगत पूर्व सैनिक की पुत्री को पढ़ाई के लिए लैपटॉप प्रदान किया। देहरादून के जैंतनवाला निवासी कशिश थापा को यह लैपटॉप उपनल के सीएसआर मद से उपलब्ध कराया गया, जिससे वह अपनी पढ़ाई को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सके।

बताया गया कि कशिश थापा के पिता दिवंगत पूर्व सैनिक राइफलमैन अशोक कुमार थापा थे। उनकी धर्मपत्नी और वीर नारी कविता थापा ने अपनी बेटी की शिक्षा के लिए मंत्री गणेश जोशी से लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इस पर मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आवश्यक व्यवस्था कराते हुए कशिश थापा को लैपटॉप प्रदान किया।

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कशिश थापा को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मातृशक्ति आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है और समाज तथा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी आजीविका को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभाएं।

इस दौरान कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, महानगर उपाध्यक्ष संध्या थापा, ज्योति कोटिया, निर्मला थापा और ग्राम प्रधान आशू थापा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

Related Post