---Advertisement---

मुंबई में प्रवासी उत्तराखंडियों का सम्मान, डॉ धन सिंह रावत बोले- मेहनत और संस्कार से बनाई पहचान

मुंबई/देहरादून। महाराष्ट्र प्रवास के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने रविवार को मुंबई में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम उत्तरांचल महासंघ मुंबई की ओर से राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इसमें शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रवासी उत्तराखंडी शिक्षकों और शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डॉ रावत ने कहा कि उत्तराखंड की प्रतिभाएं राष्ट्रीय फलक पर अपनी मेहनत, ज्ञान और संस्कारों से नई पहचान बना रही हैं। चाहे देश हो या विदेश, प्रवासी उत्तराखंडी हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे महानगर में रहकर भी उत्तराखंड के लोग अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े हुए हैं, यह सबसे प्रेरणादायक बात है।

डॉ रावत ने इस अवसर पर पांच प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। इनमें क्रिकेटर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और भारतीय सेना में चयनित छात्र शामिल रहे। उन्होंने कहा कि यह युवा आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों से आह्वान किया कि वे भी शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग दें, ताकि प्रदेश के नौनिहालों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


बॉक्स

कैबिनेट मंत्री ने किया एचएलएल का दौरा
डॉ धन सिंह रावत ने अपने प्रवास के दौरान नवी मुंबई स्थित भारत सरकार के उपक्रम एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड (हिन्द लैब) का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने पैथोलॉजी लैब में स्थापित अत्याधुनिक मशीनों और तकनीकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि एचएलएल महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर निःशुल्क लैब जांचों की सुविधा दे रहा है।
डॉ रावत ने कहा कि उत्तराखंड के ग्रामीण और पर्वतीय इलाकों में भी ऐसे उच्च स्तरीय पैथोलॉजी उपकरण और तकनीक उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए शीघ्र ही ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी।

Related Post