देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर अपनी सख़्त नीति के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शिमला बाईपास के हिन्दुवाला क्षेत्र में राशिद द्वारा करीब 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान एमडीडीए की टीम में सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता नितेश राणा, सिद्धार्थ सेमवाल, सुपरवाइजर और भारी संख्या में पुलिस बल भी शामिल रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न की गई और अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह हटाया गया।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना नक्शा स्वीकृत कराए प्लॉटिंग किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी । उन्होंने कहा कि एमडीडीए द्वारा ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियमों के खिलाफ काम करने वालों पर बिना किसी दबाव के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही, एमडीडीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य की शुरुआत से पहले प्राधिकृत नक्शा स्वीकृत कराना अनिवार्य है , अन्यथा अवैध निर्माण या प्लॉटिंग की स्थिति में कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
एमडीडीए की यह कार्रवाई न सिर्फ़ एक कड़ा संदेश देती है, बल्कि उन लोगों को भी आगाह करती है जो नियमों की अनदेखी कर अवैध लाभ उठाना चाहते हैं। अब साफ है कि प्राधिकरण का रुख सख़्त है और भविष्य में भी ऐसी कार्यवाहियां जारी रहेंगी।
…








