देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित द्वितीय मंजूल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में खेला गया। बेहद रोमांचक मुकाबले में दून डेयर डेविल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दून सुपर किंग्स को 6 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दून सुपर किंग्स की टीम 19.1 ओवर में 142 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से रुपेश ने 33 और दीपक पुरोहित ने 30 रनों का योगदान दिया, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। गेंदबाजी में दून डेयर डेविल्स के मनोज सिंह जयाड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 2.1 ओवर में 4 विकेट झटके।
143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून डेयर डेविल्स की टीम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 146 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से ठाकुर नेगी ने 43 रनों की अहम पारी खेली, जबकि अरविंद रावत और मनबर रावत ने नाबाद रहते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया।
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अरविंद रावत को मैन ऑफ द मैच और सोबन सिंह गुसाईं को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। अजय राणा को बेस्ट बॉलर और सोबन सिंह गुसाईं को बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार मिला।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पी.के. वर्मा , दैनिक जागरण के संपादक मनोज कुमार झा तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। उपविजेता टीम को पूर्व मेयर सुनील उनियाल ‘गामा’ और कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने रनर-अप ट्रॉफी और 18 हजार रुपये दिए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं पत्रकारों में खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग को बढ़ावा देती हैं। आयोजन में कई संस्थानों और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।








