---Advertisement---

सिमुलतला पुल पर बड़ा रेल हादसा: सीमेंट से लदी मालगाड़ी नदी में गिरी, कई ट्रेनें प्रभावित

बिहार के जमुई-जसीडीह रेलखंड पर शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया। हावड़ा-पटना-दिल्ली मुख्य रेलमार्ग पर स्थित सिमुलतला स्टेशन के समीप सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मालगाड़ी के कई डिब्बे पुल से नीचे बड़ुआ नदी में जा गिरे, जबकि कुछ डिब्बे पटरी पर ही एक-दूसरे से टकरा गए।

यह दुर्घटना रात करीब 11:30 बजे हुई, जिसके बाद अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के कारण दर्जनों एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर रोक दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन टेलवा बाजार हाल्ट के पास स्थित पुल संख्या 676 पर पहुंची, अचानक कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में कुल 42 डिब्बों में से 23 डिब्बे क्षतिग्रस्त हुए, जबकि इंजन लगभग 400 मीटर आगे जाकर रुका। सौभाग्य से इंजन और चालक सुरक्षित रहे।

मालगाड़ी के चालक कमलेश कुमार और गार्ड मनीष कुमार पासवान ने तुरंत इसकी सूचना सिमुलतला स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधक अखिलेश कुमार, आरपीएफ ओपी प्रभारी रवि कुमार और पीडब्ल्यूआई रंधीर कुमार मौके पर पहुंचे। आसनसोल रेल मंडल से भी तकनीकी टीम को राहत एवं बहाली कार्य के लिए रवाना किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मालगाड़ी में लदा सीमेंट आसनसोल से सीतामढ़ी ले जाया जा रहा था। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल ट्रैक से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का कार्य तेजी से जारी है।

Related Post