रामगढ़। सहायक आयुक्त उत्पाद श्रीमती बिमला लकड़ा के निर्देश पर उत्पाद विभाग रामगढ़ ने सोमवार को गोला थाना क्षेत्र के कामता गांव में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी छापामारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने सघन तलाशी लेते हुए विभिन्न ब्रांड की कुल 69 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की। मौके से मनीष कुमार को गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a), 47(e) और 52(d) के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके अलावा, उसके मामा हितलाल साव, संतोष साव और पंचम साव के घरों पर भी छापामारी की गई, जहां से 100 लीटर महुआ शराब और लगभग 1000 किलोग्राम जावा महुआ जब्त किया गया। हालांकि ये सभी आरोपी मौके से फरार पाए गए, जिन पर भी विभिन्न धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज किया गया है।
अधिकारियों का मानना है कि इस इलाके में अवैध शराब बनाने और बेचने का नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था, जिसे समाप्त करने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी। विभाग ने संकेत दिया है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
यह पूरा छापामारी अभियान अवर निरीक्षक कांग्रेश कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया। टीम में अवर निरीक्षक अमित मड़की और प्रतिनियुक्त गृहरक्षक जवान शामिल थे, जिन्होंने पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई को सफल बनाया।
इस कार्रवाई के बाद गांव में चर्चा तेज हो गई है और उत्पाद विभाग द्वारा आगे की जांच जारी है।








