देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एम.डी.डी.ए.) ने शनिवार को नियम विरुद्ध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने शहर और आसपास के कई क्षेत्रों में छापेमारी करते हुए दर्जनों बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। साथ ही कई व्यावसायिक निर्माणों को सील भी किया गया।
एम.डी.डी.ए. उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में शहर को अव्यवस्थित और अवैध रूप से फैलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जो लोग नियम विरुद्ध निर्माण या प्लॉटिंग कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही जनता को भी चेतावनी दी कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में निवेश कर अपने पैसे और भविष्य को खतरे में न डालें।
शनिवार की प्रमुख कार्यवाहियां
- शिमला बाईपास रोड (ग्राम हिन्दुवाला साभावाला) : मानवेन्द्र पुण्डीर की लगभग 40 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त।
- सेलाकुई (सेरपुर क्षेत्र) : गुलशेर की 10 बीघा प्लॉटिंग ध्वस्त।
- चकराता रोड (शंकरपुर, सेलाकुई) : डी.सी. बंसल की 20 बीघा प्लॉटिंग ध्वस्त।
- कल्याणपुर धर्मावाला चौक : रासिद की 08 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त।
- अद्दूवाला, शिमला बाईपास रोड : नेरन्द्र चौहान के फार्म हाउस और 08 व्यावसायिक हट्स सील।
- धर्मावाल रोड, हरबटपुर : राकेश अग्रवाल के पेट्रोल पंप के पास अवैध निर्माण सील।
- मुख्य चकराता रोड, खुशहालपुर सहसपुर : सलमान का अवैध व्यावसायिक निर्माण सील।
- 75 राजपुर रोड, देहरादून : सरदार मौ. असरफ खान और गर्ग का निर्माण सील।
- संस्कृति लोक कॉलोनी, देहरादून : साकिर के दो अवैध भवन सील।
- चांचक चौक, बंजारावाला : मो. साजिद का टिन शेड ध्वस्त।
अधिकारी मौके पर
संयुक्त सचिव गौरव चटवाल और सचिव मोहन सिंह बर्निया के आदेश पर की गई इस कार्रवाई में सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, सुरजीत सिंह रावत, निशांत कुकरेती, अवर अभियंता हर्षित मौठानी, जयदीप राणा, नेहा बर्थवाल, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे।
बंशीधर तिवारी का बयान
उन्होंने कहा कि एम.डी.डी.ए. का उद्देश्य शहर में व्यवस्थित और नियोजित विकास सुनिश्चित करना है। किसी भी तरह का अवैध निर्माण नियमों के खिलाफ है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे हमेशा अनुमोदित मानचित्र और प्लान की जांच कर ही संपत्ति खरीदें।








