---Advertisement---

राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में पहली बार लेटरल एंट्री, अब 7वीं से 11वीं तक होगा दाखिला

देहरादून।उत्तराखंड के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब प्रदेश में संचालित राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में केवल कक्षा-6 ही नहीं, बल्कि कक्षा-7, 8, 9 और 11 में भी प्रवेश का अवसर मिलेगा। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मंजूरी के बाद शासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

अब तक इन विद्यालयों में केवल कक्षा-6 में प्रवेश परीक्षा के जरिए दाखिला मिलता था। लेकिन उच्च कक्षाओं में सीटें रिक्त रह जाने के कारण विद्यालयों के संसाधनों का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा था। इस समस्या को देखते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने लेटरल एंट्री (पार्श्व प्रवेश) की व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। शासनादेश जारी होने के बाद अब प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं को उच्च कक्षाओं में भी प्रवेश का अवसर मिलेगा।

निर्देशों के अनुसार, कक्षा-7, 8, 9 और 11 में उपलब्ध रिक्त सीटों पर अलग से पार्श्व प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें श्रेष्ठता के आधार पर छात्रों का चयन किया जाएगा। रिक्त सीटों के सापेक्ष प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी ताकि यदि कोई छात्र प्रवेश न ले तो प्रतीक्षा सूची से योग्य अभ्यर्थी को मौका दिया जा सके।

नई शिक्षा नीति के अनुसार आयु सीमा तय की जाएगी और प्रवेश प्रक्रिया में राज्य सरकार द्वारा निर्धारित आरक्षण नीति का पालन अनिवार्य होगा। इन कक्षाओं में दाखिले के लिए छात्रों को किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से पिछली कक्षा (यथा कक्षा-6, 7, 8 एवं 10) उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

पार्श्व प्रवेश परीक्षा का आयोजन उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद करेगी। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मेधावी छात्र-छात्राएं इस अवसर का लाभ उठा सकें।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा“अब नवोदय विद्यालयों की उच्च कक्षाओं की सीटें रिक्त नहीं रहेंगी। योग्य और प्रतिभावान छात्रों को लेटरल एंट्री के जरिए प्रवेश दिया जाएगा। शासनादेश जारी कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।”

Related Post