---Advertisement---

महिला होली और स्वांग प्रतियोगिता में कुमाऊं की संस्कृति की झलक, जानिए पूरी रिपोर्ट

रानीखेत। पर्यटक नगरी रानीखेत में सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित फागोत्सव महिला होली एवं स्वांग प्रतियोगिता ने पूरे नगर को रंग और उत्साह से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में अल्मोड़ा, नैनीताल तथा आसपास के क्षेत्रों से आई कुल 20 टीमों ने शानदार प्रस्तुति दी।

सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती के निर्देशन में महिला होली गायन शोभायात्रा केएमओ स्टेशन से प्रारंभ होकर सुभाष चौक होते हुए गांधी चौक पहुंची। पारंपरिक होली गीतों की मधुर धुनों से पूरा वातावरण रंगमय हो उठा। इसके बाद प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों ने सदर बाजार और रोडवेज स्टेशन से होते हुए शिव मंदिर तक पारंपरिक गायन और नृत्य की प्रस्तुति दी।

स्वांग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हास्य-व्यंग्य और जीवंत अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक मंडल में राबाइका की संगीत शिक्षिका मीनाक्षी उप्रेती जोशी, जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत के संगीत शिक्षक डीसी जोशी और एपीएस स्कूल की शिक्षिका मेघा कुमारी शामिल रहीं। विजेता टीमों को समिति की ओर से नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में कला संस्कृति संगम अल्मोड़ा, नैनी महिला जागृति संस्था, जय नंदा-सुनंदा महिला समिति, नारी शक्ति रानीखेत सहित अनेक महिला समूहों और क्लबों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस आयोजन ने कुमाऊं की पारंपरिक होली और लोकसंस्कृति को जीवंत मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

Related Post