---Advertisement---

बेंगलुरु में अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुशबू और अखिलेश ने दिखाया उत्तराखंड का दम

बेंगलुरु / पैठाणी।  विश्व स्तर के प्रतिष्ठित कार्यक्रम  विश्व युवा संसद 2026  में उत्तराखंड से चयनित छह सदस्यीय दल ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराते हुए राज्य का नाम रोशन किया। इस दल में राठ महाविद्यालय के दो स्वयंसेवी छात्र—खुशबू और अखिलेश—ने भी हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा से सबका ध्यान आकर्षित किया।

दल का नेतृत्व महाविद्यालय के प्रोफेसर  डॉ. देव कृष्ण थपलियाल ने किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के इन छात्रों ने विभिन्न सत्रों में सक्रिय सहभागिता करते हुए सामाजिक, शैक्षिक और युवा नेतृत्व से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर  हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक  डॉ. राकेश नेगी अनंत  ने कहा कि दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले छात्रों का बेंगलुरु जैसे महानगर में अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराना अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।

राठ महाविद्यालय के प्राचार्य  डॉ. जितेंद्र कुमार नेगी  ने भी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों में भागीदारी से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और वैश्विक दृष्टिकोण का विकास होता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में और अधिक छात्र ऐसे मंचों पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उत्तराखंड दल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है और स्थानीय क्षेत्र में भी छात्रों की इस सफलता को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

Related Post