---Advertisement---

केदारनाथ-बदरीनाथ यात्रा में इस साल रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी — जानिए कितने पहुंचे श्रद्धालु

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा में श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धामों में श्रद्धालुओं की संख्या में आशातीत वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों की तुलना में इस बार तीर्थयात्रियों का उत्साह और आस्था दोनों ही नए आयाम छू रहे हैं।

द्विवेदी ने जानकारी दी कि अब तक श्री बदरीनाथ और केदारनाथ धामों में कुल 29,15,989 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं। इनमें से केवल श्री केदारनाथ धाम में अब तक 16,56,539 से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं, जो पिछले वर्ष 2024 के पूरे यात्रा आंकड़ों से भी अधिक है। वहीं श्री बदरीनाथ धाम में अब तक 14,59,450 श्रद्धालुओं ने दर्शन का पुण्य अर्जित किया है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में संपूर्ण यात्रा अवधि में श्री बदरीनाथ धाम में 14,35,341 और श्री केदारनाथ धाम में 16,52,076 तीर्थयात्री पहुंचे थे। यानी इस बार के आँकड़े पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि श्रद्धालुओं का भरोसा और आस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में राज्य सरकार ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए ठोस कदम उठाए हैं। यात्रा मार्गों की निरंतर निगरानी की जा रही है, संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन मलबे की सफाई, सुरक्षा बलों की तैनाती, अलाव, रैनबसेरे, जनस्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर को और श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 25 नवंबर को बंद होंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मौसम की सुहावनी स्थिति का लाभ उठाते हुए कपाट बंद होने से पहले दर्शन हेतु अवश्य पहुँचें।

Related Post