---Advertisement---

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत नाज़ुक, दिल्ली के लिए एयरलिफ्ट!

ब्रेन क्लॉट के बाद ICU में भर्ती, क्या मंत्री रामदास सोरेन की जान को खतरा?

पूर्वी सिंहभूम। झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत शनिवार सुबह अचानक बिगड़ गई। जमशेदपुर स्थित सरकारी आवास में वे बाथरूम में फिसलकर गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। गिरने के बाद उन्हें तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के दौरान उनके मस्तिष्क में ब्लड क्लॉट पाया गया।

डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज की सलाह दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत एयर एम्बुलेंस से मंत्री को दिल्ली के अपोलो अस्पताल भेजने का निर्देश दिया।

रामदास सोरेन को टाटा मोटर्स अस्पताल से सोनारी एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर ले जाया गया, जिससे इलाज में कोई देरी न हो। सोनारी एयरपोर्ट से उन्हें एयर एम्बुलेंस के जरिए दिल्ली रवाना किया गया।

इस दौरान सोनारी एयरपोर्ट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सहित कई अन्य राजनेता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। अर्जुन मुंडा ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रामदास सोरेन उनके अच्छे मित्र हैं और उनकी स्थिति को लेकर वे बेहद दुखी हैं।

दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उन्हें ब्रेन विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है। अस्पताल के निदेशक अनुपम से संपर्क में रहने की जानकारी भी दी गई है।

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह लगातार रामदास सोरेन की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से दुआ करने की अपील की है और ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Related Post