मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। रालामंडल बाईपास पर तेज रफ्तार कार के एक खड़े ट्रक से टकरा जाने से पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल सहित तीन युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है।
यह हादसा उस वक्त हुआ, जब सभी दोस्त जन्मदिन की पार्टी के बाद घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, प्रखर कासलीवाल का गुरुवार को जन्मदिन था। इसी अवसर पर दोस्तों ने कनाडिया बाइपास स्थित कोको फार्म पर पार्टी आयोजित की थी। पार्टी के बाद सभी लोग इन्नोवा कार से विजय नगर की ओर जा रहे थे। रालामंडल बाईपास पर उनकी कार तेज रफ्तार में थी और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
हादसे में 25 वर्षीय प्रेरणा बच्चन, 21 वर्षीय प्रखर कासलीवाल और 23 वर्षीय मानसिमरन संधू की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार एक अन्य युवती अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसके सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। कार का स्पीडोमीटर 120 पर फंसा मिला है। अंधेरा और सड़क किनारे खड़े ट्रक के कारण चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और शराब सेवन समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस हादसे की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।








