---Advertisement---

देहरादून में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने छुआ नया मुकाम, लगा एक लाखवां पौधा

सीडीओ अभिनव शाह और लक्ष्मी अग्रवाल ने दिलाया हरित उत्तराखंड का संकल्प

देहरादून। देहरादून में पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया। नारी निकेतन और बाल गृह परिसर में **मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव शाह** ने इस अभियान के तहत एक लाखवां पौधा रोपित किया। इस मौके पर समिति की सचिव और ‘टी वूमेन’ के नाम से मशहूर **लक्ष्मी अग्रवाल**, पर्यावरणविद एवं सहायक नगर आयुक्त **वीके चौहान** सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।

सीडीओ अभिनव शाह ने कहा कि जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में दूनवासियों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लोगों की बढ़ती सहभागिता से ही देहरादून हरित भविष्य की ओर कदम बढ़ा रहा है। इस अभियान में **पर्वतीय मैदानी एकता समिति** की भूमिका विशेष रही है, जिसमें अध्यक्ष पीके अग्रवाल, सचिव लक्ष्मी अग्रवाल, मोहित रतूड़ी और वीके चौहान जैसे प्रकृति प्रेमियों का अहम योगदान है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों को वृक्षारोपण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। नारी निकेतन और बाल सुधार गृह की महिलाओं ने भी पौधे लगाए और पेड़ों को बचाने का संकल्प लिया।

लक्ष्मी अग्रवाल ने बताया कि बीते एक महीने में उनकी समिति ने ग्रामीण क्षेत्रों, मोहल्लों और कॉलोनियों में प्रतिदिन हजारों पौधे बांटने और रोपण का कार्य किया। उन्होंने लोगों को पेड़ लगाने और उनके संरक्षण की शपथ भी दिलाई। आज नारी निकेतन में **एक लाख पौधे** रोपकर उन्होंने अपने अभियान को एक नए मुकाम तक पहुँचाया।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि अभियान यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों तक इसकी पहुँच बढ़ाई जाएगी। वृक्षारोपण के साथ-साथ समिति लोक कल्याणकारी कार्यों को भी आगे बढ़ाएगी ताकि समाज में हरियाली और सकारात्मकता का संदेश पहुँच सके।

 

Related Post