हल्द्वानी जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कालाढूंगी के पास बाजपुर मार्ग स्थित गड़प्पू क्षेत्र में उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बाजपुर की ओर जा रही थी। अचानक चालक के नियंत्रण खोने से वाहन सीधा पेड़ से टकरा गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कालाढूंगी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल बाजपुर अस्पताल पहुंचाया।
मृतक युवकों की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। दुर्घटनाग्रस्त कार गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश नंबर की बताई जा रही है, जिस पर सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन चालक का नियंत्रण खोना प्रतीत होता है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस टीम घटना स्थल की जांच कर रही है और घायल यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
यह सड़क हादसा फिर यह सवाल खड़ा करता है कि सड़कों पर लापरवाही और तेज रफ्तार कितनी बड़ी जानलेवा साबित हो सकती है।








