नई दिल्ली,
दिल्ली यूनिवर्सिटी के कॉलेजों के बीच हॉकी का रोमांच एक बार फिर देखने को मिलेगा। पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट के 12वें संस्करण का आयोजन 2 से 9 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में दिल्ली यूनिवर्सिटी के शीर्ष कॉलेजों की पुरुष और महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी।
मेजबान श्याम लाल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर रबि नारायण कर ने जानकारी देते हुए बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन 2 फरवरी को सुबह 10:30 बजे श्याम लाल कॉलेज, शाहदरा के मैदान में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि दिल्ली यूनिवर्सिटी के डीन ऑफ कॉलेजेस प्रोफेसर बालाराम पाणि होंगे।
उद्घाटन अवसर पर प्रोफेसर सरिता त्यागी (एचओडी, डीपीईएसएस, डीयू), डॉ. ज्योति मान (असिस्टेंट डायरेक्टर, डीयूएससी) और संजीव गौतम (एसीपी, शाहदरा) सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति के अनुसार यह टूर्नामेंट कॉलेज स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल है।
खेल समिति के संयोजक वी. एस. जग्गी ने बताया कि पुरुष वर्ग में कुल 10 टीमें और महिला वर्ग में 6 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट का आयोजन लीग और नॉकआउट आधार पर किया जाएगा। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, जिसके बाद फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
पिछले वर्ष के टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग में मेजबान श्याम लाल कॉलेज ने खिताब जीता था, जबकि महिला वर्ग में दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना की टीम चैंपियन रही थी। इस वर्ष भी कड़े मुकाबलों की उम्मीद की जा रही है।
प्रधानाचार्य प्रोफेसर रबि नारायण कर ने कहा कि कॉलेज स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने और ‘फिट इंडिया’ अभियान के तहत युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक रखने के लिए ऐसे टूर्नामेंट बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक हैं, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं।
इस टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।








