---Advertisement---

हिंदू मंदिरों को सरकारी अधिग्रहण से मुक्त करना होगा: विहिप स्थापना दिवस पर बड़ा बयान

रामगढ़। रामगढ़ जिले के विभिन्न प्रखंडों में बुधवार को **विश्व हिंदू परिषद (विहिप)** का **61वां स्थापना दिवस** बड़े ही धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य बौद्धिक कर्ता के रूप में संगठन के प्रांत सह मंत्री **मनोज पोद्दार** उपस्थित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ *ॐ* उच्चारण और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। जिले के **हेमतपुर (गोला प्रखंड), जामसिंघ (दुलमी प्रखंड) और चिकोर (भुरकुंडा खंड)** के शिवालय एवं दुर्गा मंदिरों में विशेष आयोजन किए गए। गोला प्रखंड के हेमतपुर गांव में स्थापना दिवस के साथ **हनुमान चालीसा पाठ** भी आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण महिलाओं, युवाओं और पुरुषों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।

मुख्य वक्ता मनोज पोद्दार ने कहा कि स्वतंत्र भारत में जब हिंदू हितों की उपेक्षा होने लगी, गौ हत्या बंद नहीं हुई, मतांतरण पर रोक नहीं लगी और हिंदू धर्मग्रंथों की शिक्षा की व्यवस्था नहीं हो पाई, तब साधु-संतों ने मिलकर 1964 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन विहिप की स्थापना की। इस अभियान में **गोलवलकर गुरुजी, स्वामी चिन्मयानंद और बाबा साहेब आप्टे** जैसे महान संत शामिल थे।

उन्होंने कहा कि विहिप ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन, गौवंश संरक्षण, अमरनाथ यात्रा और रामसेतु रक्षा जैसे अनेक अभियानों में सफलता पाई है। आज संगठन का दायित्व है कि **सामाजिक समरसता, हिंदू मंदिरों को सरकारी अधिग्रहण से मुक्त करना, मतांतरण पर रोक और घटती हिंदू जनसंख्या** जैसे मुद्दों पर काम किया जाए।

स्थापना दिवस कार्यक्रम में जिला मंत्री **छोटू वर्मा**, सह मंत्री **भागीरथ पोद्दार**, बजरंग दल जिला संयोजक **महेंद्र ठाकुर**, प्रचार-प्रसार प्रमुख **दानिश पटेल** समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post