देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शनिवार को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों की टीम के साथ उन्होंने आशारोड़ी से गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल और आसपास की व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सड़क से संबंधित सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, सड़कों पर पैचवर्क, दीवारों के रंग-रोगन और प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।
इसके अलावा सड़क किनारे फैले मलबे को हटाकर पूरे मार्ग को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया। क्षतिग्रस्त होर्डिंग्स को भी तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम के दौरान कोई अव्यवस्था न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मार्ग पर चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान यातायात सुचारू रहे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन का लक्ष्य है कि कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों और राज्य की छवि बेहतर तरीके से प्रस्तुत की जा सके।








