चंपावत। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपजिला चिकित्सालय टनकपुर से एडवांस्ड कार्डियोवस्कुलर लाइफ सपोर्ट (ACLS) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को आपातकालीन स्थितियों में बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से सुसज्जित है, जिससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल तक सुरक्षित और शीघ्र पहुंचाया जा सकेगा। यह एम्बुलेंस बहल पेपर मिल्स लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपजिला चिकित्सालय में स्थापित फेकोइमल्सीफिकेशन मशीन का भी लोकार्पण किया। इस आधुनिक मशीन की मदद से अब मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों का उपचार स्थानीय स्तर पर ही किया जा सकेगा। इससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे जिलों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में स्थापित नई डायलिसिस मशीन का निरीक्षण भी किया और आपातकालीन वार्ड का दौरा करते हुए वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को संवेदनशीलता के साथ त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि इन नई सुविधाओं से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच दोनों में सुधार होगा।








