---Advertisement---

हल्द्वानी : जनपथ कॉम्प्लेक्स में पानी घुसा, लाखों का व्यापारिक नुकसान

हल्द्वानी: शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने जनपथ कॉम्प्लेक्स के व्यापारियों के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर दी। कॉम्प्लेक्स में बारिश का पानी घुस जाने से कई दुकानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। व्यापारियों ने इसके लिए हाल ही में बनाए गए रैंप को ज़िम्मेदार ठहराया है।

रैंप बना जलभराव का कारण

त्रिपाठी पावर टूल्स के संचालक अशोक सक्सेना ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रशासन ने पार्किंग सुविधा के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स के बाहर एक रैंप बनवाया था। लेकिन रैंप के नीचे कूड़ा फंस जाने से जल निकासी अवरुद्ध हो गई, जिससे बरसात का पानी सीधे दुकानों में घुस गया।

सुबह जब दुकानदार पहुंचे तो उन्हें अपनी दुकानों में घुटनों तक पानी भरा मिला। स्थानीय व्यापारियों ने जगह-जगह से पानी निकालकर नुकसान का आकलन किया।

पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान

  • मोहित फार्मास्युटिकल्स के संचालक मोहित अग्रवाल ने बताया कि उनके गोदाम में रखी दवाइयाँ पूरी तरह खराब हो गई हैं।

  • गुरु कृपा टूर एंड ट्रैवल्स के ऑफिस में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भीग कर खराब हो गए हैं।

  • राष्ट्रीय सहारा कार्यालय में फर्नीचर और इन्वर्टर पानी में डूब गए।

व्यापारियों के अनुसार, कुल नुकसान का आंकलन पांच लाख रुपये से अधिक हो सकता है।

प्रशासन से मुआवजे और समाधान की मांग

इस घटना की सूचना नगर मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को दे दी गई है। व्यापारी वर्ग ने प्रशासन से उचित मुआवजा और स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके।

व्यापारियों का कहना है कि जब तक जल निकासी की व्यवस्था व्यवस्थित नहीं होती, तब तक ऐसे हालात हर बारिश में दोहराए जा सकते हैं।

Related Post