---Advertisement---

‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’ से सम्मानित हुए गुसाईं, लेखन की हुई जमकर सराहना

देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में शुक्रवार को एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार शीशपाल गुसाईं को “उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान 2025” प्राप्त होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने की। क्लब की ओर से गुसाईं को शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने गुसाईं के लेखन और शोध कार्यों की सराहना की। साहित्यकार डॉ. सुशील उपाध्याय ने उनकी पुस्तक “मध्य हिमालय उत्तराखंड की ऐतिहासिक महिलाएं” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कृति इतिहास और समाज के गहरे अध्ययन का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं वरिष्ठ पत्रकारों ने भी उनके लेखन को समाज के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।

इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने चिंता जताई कि आधुनिक दौर में युवा पत्रकारों में पढ़ने और लिखने की प्रवृत्ति कम हो रही है। उन्होंने युवाओं से अध्ययन और लेखन की परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि गुसाईं का कार्य इतिहास, पुरातत्व और क्षेत्रीय शोध को नई दिशा देने वाला है। उनके लेखन ने उत्तराखंड के इतिहास और भूगोल से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियों को सामने लाने में अहम भूमिका निभाई है।

समारोह में यह भी कहा गया कि यह सम्मान न केवल गुसाईं की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे प्रेस क्लब के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार और सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की।

Related Post