रजरप्पा/कोयलांचल – सरस्वती विद्या मंदिर, रजरप्पा प्रोजेक्ट के वंदना सभा में मंगलवार को विद्यालय के अध्यक्ष सह परियोजना पदाधिकारी ललन कुमार राय का भव्य स्वागत किया गया। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी ने श्री राय का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया। सभा को संबोधित करते हुए श्री राय ने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसके प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “सपनों को साकार करने के लिए अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास बेहद आवश्यक है। यदि छात्र कड़ी मेहनत करें, तो सफलता अवश्य मिलेगी।”
उन्होंने विद्यालय की अनुशासित और मूल्यपरक शिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि, “ऐसे संस्थान समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं और संस्कारवान नागरिक निर्माण में इनकी अहम भूमिका होती है।”
विद्यालय के प्राचार्य उमेश प्रसाद ने परियोजना पदाधिकारी के आगमन को विद्यालय के लिए सौभाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा। उन्होंने विद्यालय की प्रगति, शैक्षणिक उपलब्धियों और भावी योजनाओं की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्यगण, दीदियाँ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का संचालन गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।








